धार। मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद नगर में स्थित पुराने बस स्टैंड पर सोमवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने खुद को देवी का अवतार बताते हुए बस की खिड़की पर चढ़कर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जिसे देखकर बस स्टैंड पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 30 वर्षीय महिला नीले रंग का सलवार-कुर्ता पहने हुई थी। अचानक उसने बस की खिड़की खोली और बाहर निकलकर बस की छत पर चढ़ने की कोशिश करने लगी। महिला की हरकत देखकर यात्रियों और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति बिगड़ती देख बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सुरक्षित स्थान पर रोका और महिला को नीचे उतारने की कोशिश की। जब महिला किसी की बात मानने को तैयार नहीं हुई, तो तुरंत डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही धामनोद थाना पुलिस के उप निरीक्षक जयकिशन रायकवाड़ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान महिला लगातार खुद को ‘माताजी का अवतार’ बताती रही और अजीब तरह की बातें करती रही। काफी देर तक समझाने के बाद पुलिस ने उसे मंदिर ले चलने की बात कहकर शांत कराया और सुरक्षित अपने साथ थाने ले गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही है। फिलहाल उसकी पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए बस स्टैंड पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देर रात तक जुटी रही।

