मंगलनाथ मंदिर में भक्त ने दान की 50 लाख की चांदी, नई जलाधारी से भगवान मंगलनाथ दे रहे दर्शन

उज्जैन। धर्मनगरी उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध और अतिप्राचीन श्री मंगलनाथ मंदिर में आस्था और श्रद्धा की अनोखी मिसाल देखने को मिली है। हैदराबाद के ओहरी परिवार ने भगवान मंगलनाथ को करीब 20 किलो चांदी दान की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

दान की गई इसी चांदी से भगवान मंगलनाथ के लिए एक भव्य नई जलाधारी तैयार कराई गई है, जिसे मंदिर में विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थापित किया गया।

बताया जा रहा है कि मंदिर में करीब 15 साल पुरानी जलाधारी को पूजन के बाद हटाकर नई चांदी की जलाधारी स्थापित की गई। अब भगवान मंगलनाथ इसी नई जलाधारी को धारण कर भक्तों को दर्शन दे रहे हैं।

नई जलाधारी स्थापित होने के बाद मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। भक्त भगवान मंगलनाथ के भव्य स्वरूप के दर्शन कर खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं।

उज्जैन का मंगलनाथ मंदिर धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह मंदिर भगवान मंगल ग्रह को समर्पित है और देशभर में इसकी विशेष मान्यता है।

मान्यता है कि मंगलनाथ मंदिर में मंगल दोष के निवारण के लिए विशेष पूजा-अर्चना और भात पूजा कराई जाती है। देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु मंगल दोष की शांति और जीवन में सुख-समृद्धि की कामना लेकर यहां पहुंचते हैं।

हैदराबाद के ओहरी परिवार की इस श्रद्धापूर्ण भेंट से भगवान मंगलनाथ का दरबार और भी भव्य हो गया है। करीब 20 किलो चांदी से तैयार नई जलाधारी में विराजमान भगवान मंगलनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *