दतिया नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आज़ाद समाज पार्टी के प्रत्याशी दामोदर यादव 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को और तेज करते हुए उन्हें आधिकारिक सिंबल सौंप दिया है।
दतिया दौरे पर पहुंचे आज़ाद समाज पार्टी के केंद्रीय प्रभारी और पूर्व विधायक एम.एल. तोमर ने दामोदर यादव को पार्टी का चुनाव चिन्ह सौंपा। इस दौरान प्रदेश प्रभारी की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें चुनावी रणनीति और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
पार्टी का सिंबल मिलने के बाद दामोदर यादव ने कहा कि यह सिर्फ एक साधारण कागज़ का टुकड़ा नहीं है, बल्कि यह पार्टी के विश्वास, संघर्ष और जनता की उम्मीदों का प्रतीक है। उन्होंने दावा किया कि दतिया का यह चुनाव आज़ाद समाज पार्टी को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी को मजबूती देगा।
दामोदर यादव ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर पहुंचकर पार्टी की नीतियों और विचारों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
इस बीच दतिया के राजनीतिक माहौल में भी चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का दावा है कि शहर की गलियों और मोहल्लों में एक ही नारा गूंज रहा है— “भय और भ्रष्टाचार मिटाना है, तो आज़ाद समाज पार्टी को लाना है।”

