10 साल बाद कर्मचारियों को मिली बड़ी सौगात! सीएम डॉ. मोहन यादव ने शुरू की प्रमोशन प्रक्रिया, मंत्रालय में हुआ भव्य स्वागत

भोपाल। मध्य प्रदेश के लाखों सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने करीब दस साल से रुकी पदोन्नति प्रक्रिया को फिर से शुरू करने का फैसला लिया है। इस फैसले के बाद कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई और मंत्रालय में मुख्यमंत्री का ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया।

कैबिनेट बैठक के लिए जैसे ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्रालय पहुंचे, कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उनका स्वागत करने के लिए मौजूद रहे। कर्मचारियों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने के लिए आभार जताया और इस फैसले को लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में बड़ा कदम बताया।

इस दौरान कर्मचारी संगठनों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि जिन विभागों में अभी तक पदोन्नति प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है, वहां भी जल्द इसे लागू किया जाए। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भरोसा दिलाया कि जो भी अधिकारी या कर्मचारी पदोन्नति के लिए पात्र होगा, उसे उसका अधिकार जरूर मिलेगा और किसी भी पात्र कर्मचारी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

इस मौके पर कर्मचारी कल्याण समिति, मंत्रालय कर्मचारी संघ और अजाक्स के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार कर्मचारी कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कर्मचारियों के हितों से जुड़े लंबित मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों अधिकारियों और कर्मचारियों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *