दतिया उपचुनाव में कांग्रेस का बड़ा ट्विस्ट! राजेंद्र भारती परिवार पीछे हटा, दिल्ली में उम्मीदवार पर मंथन, ‘प्लान बी’ भी तैयार

भोपाल। दतिया उपचुनाव को लेकर कांग्रेस में सियासी हलचल तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, राजेंद्र भारती का परिवार चुनाव लड़ने की दौड़ से पीछे हट गया है। इसके बाद अब पार्टी नए चेहरे की तलाश में जुट गई है और उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला लेने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी दिल्ली पहुंचे हैं।

जानकारी के अनुसार, जीतू पटवारी पार्टी आलाकमान के साथ बैठक कर दतिया उपचुनाव के प्रत्याशी के नाम पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि आज ही उम्मीदवार के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है और आधिकारिक घोषणा भी हो सकती है।

सूत्रों का कहना है कि राजेंद्र भारती परिवार के पीछे हटने के बाद अब अवधेश नायक और घनश्याम सिंह सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। पार्टी इन्हीं दोनों नामों में से किसी एक पर भरोसा जता सकती है।

इधर, राज्यसभा चुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। पार्टी ने दतिया उपचुनाव के लिए पहले से ही ‘प्लान बी’ तैयार कर लिया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इस बार किसी भी तकनीकी या प्रक्रिया संबंधी परेशानी से बचने के लिए डमी उम्मीदवार का नामांकन भी दाखिल कराया जाएगा।

कांग्रेस के पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने कहा कि पार्टी राज्यसभा चुनाव और इंदौर लोकसभा चुनाव जैसी स्थिति दोहराना नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि इस बार सभी जरूरी एहतियात बरते जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की बाधा न आए।

इस बीच कांग्रेस नेता अवधेश नायक ने नामांकन फॉर्म भी खरीद लिया है। हालांकि पार्टी ने अभी आधिकारिक रूप से उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में उन्हें प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। अब सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली बैठक और कांग्रेस आलाकमान के अंतिम फैसले पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *