BJP विधायक प्रीतम लोधी के बेटे पर कोर्ट का बड़ा एक्शन! दिनेश लोधी घोषित फरार, स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बड़ी खबर सामने आई है। एससी-एसटी विशेष अदालत ने भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को फरार घोषित कर दिया है। अदालत ने लगातार सुनवाई में अनुपस्थित रहने और गिरफ्तारी वारंट तामील नहीं होने पर उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है।

अदालत ने मामले में सख्त रुख अपनाते हुए केस रिकॉर्ड में लाल स्याही से दर्ज करने के निर्देश दिए हैं कि आरोपी फरार है। इसके साथ ही पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत के सामने पेश किया जाए।

यह मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां दिनेश लोधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इसी प्रकरण में अदालत में लगातार सुनवाई चल रही थी।

जानकारी के मुताबिक, 28 दिसंबर 2023 को दिनेश लोधी के खिलाफ पहली बार गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इसके बाद से वह लगातार अदालत में पेश नहीं हुए और पुलिस भी उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी। इसी वजह से अदालत ने उन्हें फरार घोषित करते हुए स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया।

गौरतलब है कि दिनेश लोधी पहले भी कई विवादों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। हाल ही में शिवपुरी जिले के पिछोर में थार वाहन से एक व्यक्ति को कुचलने के प्रयास के मामले में भी उनका नाम सुर्खियों में आया था।

अब अदालत के इस आदेश के बाद पुलिस पर आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के सामने पेश करने का दबाव बढ़ गया है। वहीं इस मामले ने प्रदेश की राजनीतिक हलचल भी तेज कर दी है और अब सभी की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *