देवास में शादी के नाम पर बड़ा खेला, 42 दूल्हे मंडप में करते रहे दुल्हनों का इंतजार

 देवास। मध्य प्रदेश के देवास जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के नाम पर दर्जनों लोगों के साथ कथित ठगी की वारदात हो गई। हालत ये रही कि 42 दूल्हे सेहरा बांधकर मंडप में अपनी-अपनी दुल्हनों का इंतजार करते रहे, लेकिन देर रात तक एक भी दुल्हन वहां नहीं पहुंची।

बताया जा रहा है कि देवास के क्लब ग्राउंड में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित होने वाला था। सभी दूल्हे अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ पूरी तैयारी से मौके पर पहुंचे थे। मंडप सजा हुआ था, बारात भी तैयार थी, लेकिन जैसे-जैसे समय बीतता गया, दुल्हनों का कहीं कोई पता नहीं चला।

पीड़ितों का आरोप है कि शादी कराने के नाम पर उनसे हजारों से लेकर लाखों रुपये तक लिए गए थे। आरोप है कि विदिशा के एक युवक ने दावा किया था कि इंदौर के एक अनाथ आश्रम से लड़कियां लाकर सामूहिक विवाह कराया जाएगा।

दूल्हे और उनके परिवार घंटों तक इंतजार करते रहे, लेकिन जब काफी देर तक कोई दुल्हन नहीं पहुंची तो लोगों को ठगी का एहसास हुआ और मौके पर हंगामा शुरू हो गया।

घटना के बाद पीड़ित सीधे पुलिस थाने पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है।

इस अनोखे और चौंकाने वाले मामले की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *