बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! राज्य मंत्री लखन पटेल से वापस लिया गया पशुपालन विभाग, अब खुद संभालेंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य मंत्री लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग का प्रभार वापस ले लिया है। अब लखन पटेल के पास केवल आनंद विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।

सरकार द्वारा किए गए इस बदलाव के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग को अपने पास रख लिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के पास अब कुल 11 विभागों की जिम्मेदारी हो गई है, जिससे उनकी प्रशासनिक भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है।

वर्तमान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन, खनिज, लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय और अब पशुपालन एवं डेयरी विभाग का भी प्रभार संभालेंगे।

हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इस बदलाव के पीछे की कोई आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है। लेकिन राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि विभागीय कामकाज में बेहतर समन्वय और प्रशासनिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि राज्य मंत्री से यह महत्वपूर्ण विभाग वापस ले लिया गया और मुख्यमंत्री ने खुद इसकी जिम्मेदारी संभालने का फैसला किया। आने वाले दिनों में इस बदलाव के पीछे की असली वजह सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *