भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट को ग्राहक संतुष्टि सर्वे में बड़ा झटका लगा है। लंबे समय तक देश के नंबर-1 एयरपोर्ट का तमगा अपने नाम रखने वाला राजा भोज एयरपोर्ट अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। इस बार खजुराहो एयरपोर्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में पहला स्थान हासिल कर लिया है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा कराए गए ग्राहक संतुष्टि सर्वे में यात्रियों से सीधे फीडबैक लिया गया। सर्वे में एयरपोर्ट की सुविधाएं, स्टाफ का व्यवहार, साफ-सफाई और यात्रियों के समग्र अनुभव को आधार बनाया गया। इसी के आधार पर देश के एयरपोर्ट्स की रैंकिंग तय की गई।
जनवरी से जून 2026 के बीच हुए इस सर्वे में भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट को पांच में से 4.96 अंक मिले हैं। जबकि पिछले सर्वे में एयरपोर्ट को 4.99 अंक प्राप्त हुए थे। वहीं, खजुराहो और औरंगाबाद एयरपोर्ट को 4.98 अंक मिले हैं और दोनों ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है।
मध्य प्रदेश के अन्य एयरपोर्ट्स की बात करें तो ग्वालियर एयरपोर्ट 4.95 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा, जबकि जबलपुर एयरपोर्ट को 4.92 अंक मिले और उसने देश में सातवां स्थान हासिल किया।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले कुछ वर्षों में राजा भोज एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम किया गया है। इसके बावजूद इस बार उसकी रैंकिंग में गिरावट देखने को मिली है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर ऐसी कौन सी कमी रह गई, जिसकी वजह से भोपाल का राजा भोज एयरपोर्ट नंबर-1 का ताज नहीं बचा पाया? वहीं, खजुराहो की इस उपलब्धि ने मध्य प्रदेश को एक नई पहचान जरूर दिलाई है।

