आस्था का सौदा! खैरुआ सरकार मंदिर में मन्नत के नारियल बेचने का आरोप, पुजारी और भाई पर FIR दर्ज

सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले से आस्था को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। नागौद स्थित प्रसिद्ध खैरुआ सरकार मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा मन्नत के तौर पर बांधे गए नारियलों को कथित तौर पर बेचने का आरोप मंदिर के पुजारी और उनके भाई पर लगा है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है और पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि खैरुआ सरकार मंदिर वर्षों से लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। यहां लोग अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए लाल कपड़े में नारियल बांधकर चढ़ाते हैं। आरोप है कि मंदिर के पुजारी प्रशांत तिवारी और उनके भाई मोहित तिवारी ने इन्हीं नारियलों को चोरी-छिपे बेच दिया।

इस मामले की शिकायत अकौना-साठिया गांव निवासी बृजराज सिंह परिहार ने नागौद थाने में दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, दोनों भाइयों ने मन्नत के नारियलों का सौदा करीब सात हजार रुपये में कर दिया। जब इस बात की जानकारी श्रद्धालुओं को लगी, तो उन्होंने लाल कपड़ों में बंधे नारियलों से भरी एक वाहन को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक जांच की और आरोपी पुजारी तथा उनके भाई के खिलाफ अमानत में खयानत समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

गौरतलब है कि खैरुआ सरकार मंदिर का संचालन वर्तमान में न्यायालय के निर्देशानुसार प्रशासन की निगरानी में किया जा रहा है। मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी एसडीएम को सौंपी गई है और किसी भी प्रकार की खरीदी या बिक्री के लिए प्रशासनिक अनुमति आवश्यक बताई जाती है।

ऐसे में अब सवाल यह उठ रहा है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो आखिर श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ कैसे हुआ? और क्या इस मामले में प्रशासन आगे कोई सख्त कदम उठाएगा? फिलहाल, इस पूरे घटनाक्रम ने न केवल सतना बल्कि प्रदेशभर के श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया है।

अब सभी की नजरें पुलिस जांच और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *