सीहोर। मध्य प्रदेश कांग्रेस की साइक्लोथॉन युवा स्वाभिमान यात्रा बुधवार को सीहोर पहुंची, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और छात्रों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। यात्रा के दौरान शहर में कई स्थानों पर जनसंवाद और जनसभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शिक्षा, रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला।
इंदौर से शुरू हुई इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं, छात्रों और किसानों के अधिकारों की आवाज को बुलंद करना बताया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं के नेतृत्व में निकली यह यात्रा अमलाहा, सौंडा, नापली और मुगिसपुर होते हुए सीहोर शहर पहुंची। इसके बाद इंदौर नाका, बढ़ियाखेड़ी चौराहा, लीसा टॉकीज चौराहा और बड़ा बाजार मार्ग से गुजरते हुए कोतवाली चौराहे पर आयोजित जनसभा में शामिल हुई।
जनसभा को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि प्रदेश के युवा शिक्षा, रोजगार और परीक्षा व्यवस्था को लेकर परेशान हैं और इन्हीं मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरने के लिए मजबूर हुई है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के स्वाभिमान और उनके भविष्य की लड़ाई है।
इस दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी मंच साझा किया और युवाओं तथा किसानों को संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद यात्रा का काफिला आनंद डेरी चौराहा, बस स्टैंड, सेकड़ाखेड़ी रोड और फंदा टोल प्लाजा होते हुए भोपाल के लिए रवाना हुआ, जहां मुख्यमंत्री निवास के घेराव का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने यात्रा में शामिल होने वाले सभी युवाओं, छात्र-छात्राओं, किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेशभर में युवाओं की आवाज को मजबूत करने के लिए यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि यात्रा में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस और विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।
करीब 200 किलोमीटर लंबी यह साइक्लोथॉन यात्रा 15 जुलाई को भोपाल पहुंचेगी। कांग्रेस का दावा है कि इस यात्रा के माध्यम से शिक्षा, रोजगार और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों को प्रदेशव्यापी जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। अब देखना होगा कि इस यात्रा का प्रदेश की राजनीति पर क्या असर पड़ता है।

