छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से एक दुखद खबर सामने आई है। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 47 के पार्षद और भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष लोकेश डेहरिया का हृदयाघात के चलते निधन हो गया। उनकी उम्र 46 वर्ष थी। यह घटना उस समय हुई जब वे अपने क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, लोकेश डेहरिया सिद्धिविनायक रेसीडेंसी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक असहज महसूस हुआ और वे सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना का पूरा घटनाक्रम वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है। सामने आए फुटेज में देखा जा सकता है कि लोकेश डेहरिया सामान्य रूप से चलते हुए दिखाई दे रहे हैं। कुछ ही क्षणों बाद वे अचानक गिर पड़ते हैं। इस घटना ने स्थानीय लोगों और उनके समर्थकों को स्तब्ध कर दिया है।
लोकेश डेहरिया भाजपा के सक्रिय नेताओं में गिने जाते थे और अपने वार्ड में लगातार जनसंपर्क और सामाजिक कार्यों के लिए जाने जाते थे। उनके अचानक निधन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार में उनकी पत्नी और दो बच्चे हैं। उनके निधन के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इसे सार्वजनिक जीवन के लिए बड़ी क्षति बताया है।
फिलहाल, प्रशासन द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। वहीं, इस दुखद घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

