भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘जेन-जी साइक्लोथॉन’ के समापन कार्यक्रम में मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं के बीच कथित धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, कांग्रेस ने नीट समेत विभिन्न सरकारी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक के विरोध में दो दिवसीय ‘जेन-जी साइक्लोथॉन’ का आयोजन किया था। बुधवार को भोपाल में इसका समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
वायरल वीडियो में कांग्रेस विधायक आतिफ अकील मंच पर आगे आने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पूर्व मंत्री सज्जन वर्मा और सुखदेव पांसे के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की होती नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर आरिफ मसूद, सज्जन वर्मा, सुखदेव पांसे समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता मौजूद थे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर अब पार्टी के भीतर वरिष्ठ नेताओं के सम्मान और संगठनात्मक अनुशासन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
हालांकि, इस मामले को लेकर कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन वीडियो के वायरल होने के बाद विपक्ष को कांग्रेस पर निशाना साधने का एक नया मौका जरूर मिल गया है।
अब देखने वाली बात होगी कि पार्टी इस पूरे घटनाक्रम पर क्या रुख अपनाती है और क्या इस मामले में किसी तरह की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है।

