प्रॉपर्टी कारोबारी की मौत में हनी ट्रैप एंगल! भोपाल की युवती हिरासत में, 70 लाख रुपये और लग्जरी कार लेने का आरोप

 इंदौर। इंदौर के प्रॉपर्टी कारोबारी जीतू साहू की संदिग्ध मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। अब इस मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने भोपाल की एक युवती को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में हनी ट्रैप से जुड़े आरोपों की भी जांच की जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी एंगल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हिरासत में ली गई युवती कथित तौर पर जीतू साहू के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। जांच में सामने आया है कि कारोबारी ने युवती पर बड़ी मात्रा में पैसा खर्च किया था। आरोप है कि युवती ने उनसे करीब 70 लाख रुपये, महंगी ज्वेलरी और एक लग्जरी कार ली थी।

बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन जिस होटल में जीतू साहू ठहरे थे, उसका कमरा भी उन्होंने ही बुक कराया था। इसी होटल की बालकनी से गिरने के बाद उनकी मौत हो गई थी। अब पुलिस इस मामले में आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

इस बीच, मामले में एक और अहम जानकारी सामने आई है। मृतक की बेटी को उनके मोबाइल फोन में एक कथित धमकी से जुड़ा वीडियो मिला है। पुलिस अब उस वीडियो की भी जांच कर रही है और उसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देख रही है।

घटना के समय होटल में मौजूद जीतू साहू के दोस्तों से भी पूछताछ की गई है। इसके अलावा होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।

फिलहाल, बाणगंगा थाना पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और सभी तथ्यों की पुष्टि होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा। आने वाले दिनों में यह साफ हो सकेगा कि जीतू साहू की मौत एक हादसा थी, आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *