पन्ना में गौसेवा का महाशंखनाद! रावतपुरा सरकार के सानिध्य में निकली भव्य बाइक रैली, ‘एक रोटी गाय के नाम’ का लिया संकल्प

पन्ना। पन्ना की पावन धरा पर अध्यात्म, सेवा और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। धार्मिक नगरी आज गौसेवा के एक नए संकल्प के साथ भक्तिमय माहौल में डूबी नजर आई। पूर्व कैबिनेट मंत्री और पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह द्वारा आयोजित धार्मिक महोत्सव के बीच सुबह शहर में एक ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला।

पूज्य रावतपुरा सरकार के सानिध्य में निकली विशाल मोटरसाइकिल रैली ने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। सर्किट हाउस से शुरू हुई यह रैली गांधी चौक और पुरानी कचहरी होते हुए महेंद्र भवन पहुंची। रैली में हजारों युवा, श्रद्धालु और सनातन प्रेमी शामिल हुए। जयकारों और भगवा ध्वजों से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

रैली के समापन के बाद पूज्य रावतपुरा सरकार और विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में ‘एक रोटी गाय के नाम’ महाअभियान की शुरुआत की गई। धाम मोहल्ला में दोनों ने घर-घर पहुंचकर लोगों को गोवंश संरक्षण का महत्व बताया और हर परिवार से अपनी रसोई की पहली रोटी गौमाता के लिए समर्पित करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह अभियान केवल एक पहल नहीं, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार और सनातन मूल्यों को पुनर्जीवित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।

अभियान के अंत में नगरवासियों ने सामूहिक रूप से गौसेवा का संकल्प लिया। पन्ना की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब अध्यात्म और सेवा साथ चलते हैं, तो समाज में सकारात्मक बदलाव की नई शुरुआत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *