भोपाल। समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी बिल को लेकर मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सियासी और सामाजिक माहौल गरमा गया है। आज यूसीसी बिल पर विधानसभा के भीतर चर्चा होनी है, वहीं सदन के बाहर भी इसके विरोध में प्रदर्शन तेज हो गए हैं। राजधानी में विधानसभा से लेकर सड़क तक इस मुद्दे को लेकर जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है।
विधानसभा में यूसीसी बिल पर चर्चा के लिए दो घंटे का समय तय किया गया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपने-अपने विधायकों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। चर्चा से पहले कांग्रेस ने विधायक दल की बैठक बुलाई, जिसमें सरकार को घेरने की रणनीति पर मंथन किया गया।
विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर पहुंचे और यूसीसी बिल के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों और युवाओं के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए ऐसे विषयों को आगे बढ़ा रही है। विपक्ष का कहना है कि वह सदन के भीतर इस बिल का पुरजोर विरोध करेगा।
वहीं, विधानसभा के बाहर भी यूसीसी को लेकर विरोध की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भोपाल के शाहजहांनी पार्क में दोपहर एक बजे मुस्लिम समाज द्वारा धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
यूसीसी को लेकर एक ओर राज्य सरकार इसे बड़ा और ऐतिहासिक कदम बता रही है, तो दूसरी ओर विपक्ष और कई सामाजिक संगठन इसका विरोध कर रहे हैं। इसी को देखते हुए राजधानी में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
अब सबकी नजरें विधानसभा की कार्यवाही और सड़क पर होने वाले विरोध प्रदर्शनों पर टिकी हैं। देखना होगा कि यूसीसी को लेकर छिड़ा यह संग्राम आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति को किस दिशा में ले जाता है।

