ओंकारेश्वर में बीजेपी को बड़ा झटका! एक दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल, जिला अध्यक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की तीर्थनगरी ओंकारेश्वर से एक बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। यहां भारतीय जनता पार्टी को उस समय झटका लगा, जब एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।

इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भाजपा सरकार और स्थानीय प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों और स्थानीय स्तर पर हो रही परेशानियों से तंग आकर लोगों ने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया है।

उत्तम पाल सिंह ने आरोप लगाया कि ओंकारेश्वर में आम लोग असुरक्षा और अनिश्चितता के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को यह भरोसा नहीं है कि उनकी दुकानें कल अतिक्रमण की कार्रवाई की जद में आएंगी या नहीं। वहीं, नाविकों को भी अपनी आजीविका को लेकर चिंता बनी हुई है कि वे भविष्य में नर्मदा नदी में अपनी नाव चला पाएंगे या नहीं।

उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों से परेशान होकर भाजपा से जुड़े कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है। कांग्रेस में शामिल होने वालों में पंडित हितेष पुरोहित, विजयराज सोलंकी, गुड्डू भाई, कुंदन चौहान, कान्हा चावड़ा, संतोष, लक्ष्मण, मुकेश केवट और रवि केवट सहित अन्य नाम शामिल हैं।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने सभी को पार्टी का गमछा पहनाकर सदस्यता दिलाई और दावा किया कि आने वाले समय में ओंकारेश्वर में कांग्रेस का जनाधार और मजबूत होगा।

अब इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और सभी की नजर भाजपा की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *