सीएम सचिवालय का नया सिस्टम: मंत्रालय और समत्व भवन के लिए अलग-अलग ड्यूटी, अब रोस्टर सिस्टम से होगा काम

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सीएम सचिवालय के कामकाज को और व्यवस्थित करने के लिए नया रोस्टर सिस्टम लागू किया गया है। अब मंत्रालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय और समत्व भवन स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय के लिए अधिकारियों की अलग-अलग जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

मुख्यमंत्री कार्यालय, मध्यप्रदेश की ओर से जारी आदेश के मुताबिक सप्ताह के सभी सात दिनों में मुख्यमंत्री की बैठकों, भेंट-मुलाकात और अन्य कार्यक्रमों के समन्वय के लिए सचिव, अपर सचिव और उप सचिव स्तर के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। नए रोस्टर में स्पष्ट किया गया है कि मंत्रालय और समत्व भवन में अलग-अलग अधिकारी मौजूद रहकर जिम्मेदारियां संभालेंगे।

मंत्रालय में सचिव, अपर सचिव और उप सचिव स्तर के अधिकारी सोमवार से शुक्रवार तक ड्यूटी पर रहेंगे। वहीं मुख्यमंत्री निवास कार्यालय यानी समत्व भवन में सचिव, अपर सचिव और अपर या उप सचिव स्तर के अधिकारी सप्ताह के सातों दिन अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।

रोस्टर के अनुसार सोमवार को मंत्रालय में डॉ. सुदाम खाड़े और अरविंद दुबे की ड्यूटी रहेगी, जबकि समत्व भवन में कौशलेन्द्र विक्रम सिंह और सुधीर कोचर जिम्मेदारी संभालेंगे। इसी तरह मंगलवार से रविवार तक अलग-अलग अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

शनिवार और रविवार को मंत्रालय बंद रहेगा, लेकिन समत्व भवन में अधिकारियों की ड्यूटी जारी रहेगी। यानी मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सप्ताह के सातों दिन कामकाज और समन्वय की व्यवस्था बनी रहेगी।

आदेश के मुताबिक अधिकारियों की ड्यूटी का मुख्य उद्देश्य मुख्यमंत्री के निर्धारित कार्यक्रमों और बैठकों में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में आम नागरिकों से भेंट-मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनना और उनके निराकरण की दिशा में जरूरी कार्रवाई करना भी अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी।

माना जा रहा है कि इस नए रोस्टर सिस्टम से मंत्रालय और मुख्यमंत्री निवास, दोनों जगह मुख्यमंत्री कार्यालय का कामकाज ज्यादा व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सकेगा। साथ ही आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं पर तेजी से कार्रवाई करने में भी मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *