एक शरीर, दो धड़कनें! नरसिंहपुर में जन्मे कंजॉइंट ट्विन्स, अब सेपरेशन सर्जरी पर टिकीं सबकी निगाहें

नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले से एक बेहद दुर्लभ और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। जिला अस्पताल में एक महिला ने ऐसे जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है, जिनके शरीर आपस में जुड़े हुए हैं। इस अनोखी घटना ने न सिर्फ परिजनों को हैरान कर दिया, बल्कि अस्पताल के डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ भी कुदरत के इस अद्भुत रूप को देखकर आश्चर्यचकित रह गए।

जानकारी के मुताबिक, बम्होरी सोकलपुर निवासी कुब्जा कुशवाहा को प्रसव पीड़ा होने पर शुक्रवार शाम जिला अस्पताल लाया गया था। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बच्चों की स्थिति को देखते हुए तत्काल सिजेरियन डिलीवरी का फैसला लिया। ऑपरेशन के बाद जब दोनों नवजातों को बाहर निकाला गया, तो पता चला कि दोनों बच्चे एक-दूसरे के शरीर से जुड़े हुए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञों ने दोनों नवजातों को तुरंत एनआईसीयू में भर्ती कर प्राथमिक उपचार शुरू किया। डॉक्टरों का कहना है कि दोनों बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, लेकिन उन्हें सुरक्षित रूप से अलग करने के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ सर्जनों की आवश्यकता होगी।

इसी को ध्यान में रखते हुए दोनों नवजातों को आगे के इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। वहां पीडियाट्रिक सर्जनों की एक विशेष टीम उनकी विस्तृत जांच करेगी और यह तय करेगी कि सेपरेशन सर्जरी कब और किस तरह की जा सकती है।

फिलहाल, पूरे प्रदेश की नजरें इन दोनों मासूमों पर टिकी हुई हैं। हर कोई यही दुआ कर रहा है कि कुदरत के इस अनोखे चमत्कार को नई जिंदगी मिले और दोनों बच्चे स्वस्थ होकर अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जी सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *