बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे मधुर भंडारकर, भस्म आरती में हुए शामिल; नंदी के कान में कही अपनी मनोकामना

उज्जैन। बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक मधुर भंडारकर सोमवार तड़के उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। मधुर भंडारकर ने मंदिर में आयोजित होने वाली दिव्य भस्म आरती में भाग लिया और करीब दो घंटे तक भक्ति में लीन नजर आए।

इंदौर में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे सीधे महाकाल की नगरी पहुंचे। मंदिर पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले भस्म आरती में हिस्सा लिया और उसके बाद चांदी द्वार से बाबा महाकाल का जलाभिषेक किया। इस दौरान उन्होंने नंदी महाराज की पूजा-अर्चना भी की और परंपरा के अनुसार उनके कान में अपनी मनोकामना कही।

मधुर भंडारकर लगभग दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भस्म आरती का आनंद लेते रहे। दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत और सम्मान भी किया गया।

मीडिया से बातचीत के दौरान मधुर भंडारकर ने कहा कि वे हर वर्ष बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन आते हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल की नगरी में आकर उन्हें आत्मिक शांति और एक अलग तरह की सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव होता है।

उन्होंने यह भी कहा कि भस्म आरती के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं को बाबा महाकाल के जयकारे लगाते और भक्ति में डूबा देखना बेहद सुखद अनुभव रहा। उनके अनुसार, यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *