खंडवा में गरजे सीएम मोहन यादव! बोले- 55 साल सत्ता में रही कांग्रेस, किसानों को सूखा छोड़ गई

 खंडवा। खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के मंच से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद किसानों के लिए कुछ नहीं किया, जबकि भाजपा सरकार ने खेतों तक पानी और किसानों के खातों तक पैसा पहुंचाने का काम किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस करीब 55 साल तक सत्ता में रही, लेकिन सिंचाई व्यवस्था मजबूत नहीं कर सकी। उन्होंने दावा किया कि पहले प्रदेश में केवल 7.5 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित थी, जिसे भाजपा सरकार ने बढ़ाकर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि नदियां होने के बावजूद किसानों के खेत सूखे रहे और इसके लिए कांग्रेस को जवाब देना चाहिए।

सीएम मोहन यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासन में नेता अमीर होते गए, लेकिन किसान और गरीब वहीं के वहीं रह गए। उन्होंने कहा कि आज किसानों को बिजली, पानी, सड़क और आधुनिक तकनीक का लाभ मिल रहा है। खेती में ड्रोन का इस्तेमाल हो रहा है और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों के खातों में एक साथ 3300 करोड़ रुपये की राशि भेजी जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का जिक्र करते हुए कहा कि आज किसानों को जितना सम्मान मिल रहा है, वैसा पहले कभी नहीं मिला।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम सुनते ही कांग्रेस को तकलीफ होने लगती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सीधे गरीबों और किसानों के खातों में पैसा पहुंचा रही है, जबकि कांग्रेस ने ऐसा कभी नहीं किया।

सीएम ने लाड़ली बहना योजना का भी जिक्र किया और कहा कि आज प्रदेश की लाखों महिलाएं इस योजना का लाभ उठा रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता और तीन तलाक का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून होना चाहिए और तीन तलाक को समाप्त करना महिलाओं के सम्मान के लिए जरूरी कदम था।

इसके साथ ही उन्होंने किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने की बात कही, ताकि रात में खेतों में काम करते समय होने वाले हादसों को रोका जा सके।

खंडवा के लिए बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस बटालियन स्थापित करने का ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों और शिक्षा के क्षेत्र में भी लगातार विकास कार्य कर रही है।

अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री ने रहीम का प्रसिद्ध दोहा “रहिमन धागा प्रेम का…” सुनाते हुए कहा कि भारत की संस्कृति सभी धर्मों का सम्मान करना सिखाती है। साथ ही उन्होंने लोगों से प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *