खंडवा में गरजे CM मोहन यादव! बोले- देश के विभाजन का पाप कांग्रेस के सिर, खंडवा को मिलेगी नई बटालियन

खंडवा। खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव 2026 में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों के खातों में 3300 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की और खंडवा जिले के लिए नई पुलिस बटालियन स्थापित करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडवा संवेदनशील श्रेणी का जिला है, इसलिए यहां सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने खंडवा-मूंदी मार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि लंबे समय से लंबित इस सड़क परियोजना का टेंडर 15 सितंबर तक जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भोपाल से खंडवा को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क जल्द नए स्वरूप में दिखाई देगी।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि आजादी से पहले कांग्रेस ने खिलाफत आंदोलन का समर्थन किया और हिंदू-मुस्लिम राजनीति को बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि तुर्की के खलीफा की कुर्सी की लड़ाई में कांग्रेस ने देश के भीतर विभाजन की राजनीति की, जिसके चलते भारत-पाकिस्तान के बंटवारे जैसी परिस्थितियां बनीं।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि यदि देश के विभाजन का पाप किसी के सिर पर है, तो वह कांग्रेस के सिर पर है। उन्होंने कहा कि आगामी 15 अगस्त को पूरा देश तिरंगा फहराएगा और हमें उन क्रांतिकारियों को याद करना चाहिए, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सबकुछ न्योछावर कर दिया।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न केवल किसानों के विकास को रोका, बल्कि आजादी की लड़ाई को भी कलंकित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को दिन में बिजली देने की दिशा में काम कर रही है और अगले महीने से प्रदेश सरकार की बस सेवा भी फिर शुरू की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में दूध उत्पादन को 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान उन्नतशील किसानों और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स का सम्मान भी किया गया। मुख्यमंत्री ने मीराबाई चानू और युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की उपलब्धियों की भी सराहना की।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि ओंकारेश्वर में सिंहस्थ की तैयारियों के तहत 3500 करोड़ रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनने के साथ-साथ आधुनिक और उन्नत खेती की ओर भी ध्यान दें।

अपने भाषण के अंत में मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी का जिक्र करते हुए कहा कि सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में भी काम कर रही है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विजय शाह, मांधाता विधायक नारायण पटेल, पंधाना विधायक छाया मोरे, महापौर अमृता यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *