डबरा। दतिया में मुख्यमंत्री के दौरे से ठीक पहले पुलिस ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चल रही सघन चेकिंग के दौरान डबरा सिटी पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
जानकारी के अनुसार, पिछोर तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक स्विफ्ट कार को रोका गया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और कार में सवार दो युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशिक उर्फ गुच्ची खान और भोला खान के रूप में हुई है।
देहात थाना प्रभारी मिर्जा आसिफ बेग ने बताया कि कार की तलाशी के दौरान एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक 12 बोर की बंदूक और 24 अन्य जिंदा राउंड बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 26 कारतूस जब्त किए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आशिक उर्फ गुच्ची खान के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि भोला खान भी आपराधिक प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए और उनकी असली मंशा क्या थी।
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि दोनों आरोपी किस बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।

