मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बिछिया विधानसभा क्षेत्र के शासकीय सीनियर बालक छात्रावास, टाटरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में छात्रावास के अधीक्षक कथित तौर पर हॉस्टल परिसर के भीतर शराब पीते और मुर्गा खाते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो छात्रावास अधीक्षक पन्नूलाल वट्टी का बताया जा रहा है। आरोप है कि देर रात वे शराब के नशे में हॉस्टल में हंगामा कर रहे थे। इतना ही नहीं, उन्होंने वहां रह रहे छात्रों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार भी किया।
बताया जा रहा है कि अधीक्षक के व्यवहार से परेशान छात्रों ने ही चुपके से इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और छात्रावास की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अब सवाल यह उठ रहा है कि जिस छात्रावास में बच्चों को सुरक्षित और अनुशासित माहौल मिलना चाहिए, वहां अगर जिम्मेदार अधिकारी ही इस तरह का व्यवहार करें, तो बच्चों के भविष्य और सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?
फिलहाल, वायरल वीडियो के बाद जिला प्रशासन और आदिवासी विकास विभाग की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। अब देखना होगा कि आरोपों की जांच के बाद संबंधित अधीक्षक के खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।

