इंदौर में दर्दनाक घटना: घर से निकले मां-बेटे, 100 मीटर दूर बगीचे में मिले बेहोश, अस्पताल में दोनों ने तोड़ा दम

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में एक मां और उसके बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद घर से करीब 100 मीटर दूर एक बगीचे में अचेत अवस्था में पाए गए। इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।

मृतकों की पहचान इंद्रा और उनके बेटे संजय के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने जब दोनों को बगीचे में बेहोश हालत में देखा, तो तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद दोनों को गंभीर अवस्था में एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मां और बेटे ने दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

एक साथ मां और बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन, रिश्तेदार और पड़ोसी इस घटना से स्तब्ध हैं। पूरे इलाके में शोक का माहौल है और लोग यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां थीं, जिनके चलते यह दर्दनाक घटना हुई।

परदेशीपुरा थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच पर टिकी हैं, जिनसे इस रहस्यमयी घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *