चलती ई-रिक्शा में लाखों की चोरी! महाराष्ट्र से इंदौर पहुंचे बुजुर्ग का 12 तोला सोना-चांदी से भरा बैग हुआ गायब

इंदौर। इंदौर से चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है, जहां महाराष्ट्र से अपनी बेटी के साथ आए एक बुजुर्ग का लाखों रुपये के जेवरों से भरा बैग रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि बैग कथित तौर पर चलती ई-रिक्शा से गायब हुआ और पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी।

जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र निवासी पवन सिंह अपनी बेटी के साथ ट्रेन से इंदौर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन से उन्होंने स्कीम नंबर-78 जाने के लिए शेयरिंग ई-रिक्शा ली। उनके साथ एक बैग भी था, जिसमें करीब 10 से 12 तोला सोना-चांदी के जेवर रखे हुए थे, जिनकी कीमत लगभग 14 से 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

जब पवन सिंह अपने गंतव्य पर पहुंचे और सामान की जांच की, तो जेवरों से भरा बैग गायब था। इसके बाद उनके होश उड़ गए और उन्होंने तत्काल लसूडिया थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

मामले की जांच कर रहे एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर चलती ई-रिक्शा में बैग कैसे गायब हो गया? क्योंकि ई-रिक्शा का आकार भी इतना बड़ा नहीं होता कि उसमें सामान कहीं छिप जाए या आसानी से नजरों से ओझल हो जाए।

फिलहाल पुलिस रेलवे स्टेशन से लेकर घटनास्थल तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह किसी शातिर गिरोह की करतूत है या फिर वारदात में कोई और एंगल शामिल है। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *