एडमिशन कैंसिल किया तो नहीं मिलेगी फीस! बीटेक और एमबीए के छात्रों के लिए बड़ा अपडेट

भोपाल। मध्य प्रदेश के छात्रों के लिए एक अहम खबर सामने आई है। अब बीटेक, एमटेक, एमबीए, एमसीए, बीबीए और बीसीए जैसे तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के बाद यदि कोई छात्र अपना एडमिशन कैंसिल कराता है, तो उसे जमा की गई फीस वापस नहीं मिलेगी। इस फैसले ने हजारों छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है।

दरअसल, अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद यानी एआईसीटीई के शैक्षणिक कैलेंडर के मुताबिक फीस रिफंड की अंतिम तारीख 20 जुलाई तय की गई थी। लेकिन मध्य प्रदेश में तकनीकी पाठ्यक्रमों की प्रवेश प्रक्रिया अभी भी जारी है और 14 अगस्त तक एडमिशन किए जाएंगे। ऐसे में कई छात्र जो काउंसलिंग के अगले चरण में बेहतर कॉलेज या पसंदीदा ब्रांच मिलने की उम्मीद कर रहे हैं, उनके सामने अब नई मुश्किल खड़ी हो गई है।

यदि किसी छात्र ने एक कॉलेज में फीस जमा कर दी है और बाद में काउंसलिंग में उसे दूसरे कॉलेज या बेहतर ब्रांच में सीट मिल जाती है, तो पहले कॉलेज में जमा की गई फीस वापस नहीं मिलेगी। यानी बेहतर विकल्प चुनने की कीमत छात्रों को अपनी जेब से चुकानी पड़ सकती है।

इस मुद्दे को लेकर कॉलेजों ने भी आपत्ति जताई है। इसके बाद तकनीकी शिक्षा संचालनालय ने एआईसीटीई को पत्र लिखकर छात्रहित में निर्णय लेने और फीस रिफंड के नियमों को लेकर स्पष्ट मार्गदर्शन मांगा है।

अब सभी की नजर एआईसीटीई के अगले फैसले पर टिकी है। अगर नियमों में कोई बदलाव नहीं हुआ, तो इस साल हजारों छात्रों को एडमिशन बदलने की स्थिति में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *