जिला अस्पताल में हंगामा! गर्भवती महिला के इलाज में लापरवाही पर भड़कीं विधायक अनुभा मुंजारे, डॉक्टर को लगाई फटकार

बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिला अस्पताल में उस समय हड़कंप मच गया, जब विधायक अनुभा मुंजारे अचानक अस्पताल पहुंच गईं। एक गर्भवती महिला के इलाज में कथित लापरवाही और अभद्र व्यवहार की शिकायत मिलने के बाद विधायक सीधे सिविल सर्जन के चैंबर पहुंचीं, जहां उन्होंने सिविल सर्जन और ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टर से जवाब मांगा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।

जानकारी के मुताबिक, प्रसव पीड़ा से परेशान एक गर्भवती महिला इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंची थी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में उचित इलाज देने के बजाय उन्हें किसी निजी अस्पताल में जाने की सलाह दी गई। जब यह शिकायत विधायक अनुभा मुंजारे तक पहुंची, तो उन्होंने तुरंत अस्पताल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली।

चैंबर में हुई बातचीत के दौरान विधायक डॉक्टर के रवैये पर नाराज नजर आईं। उन्होंने डॉक्टर से कहा, “मुझे पहचानते नहीं, मुझसे ज्यादा मुंह बनाकर बात मत कीजिए।” विधायक ने डॉक्टरों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और अपनी कार्यशैली में सुधार करने की नसीहत भी दी।

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में भी हलचल मच गई है। विधायक अनुभा मुंजारे ने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि सरकारी अस्पताल में आने वाले हर गरीब और जरूरतमंद मरीज को समय पर बेहतर इलाज और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए, ताकि लोगों का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भरोसा बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *