खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की पंधाना विधानसभा में कार्यकाल के ढाई साल पूरे होने पर विधायक छाया मोरे ने जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने दावा किया कि इस दौरान सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे क्षेत्रों में कई बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिली है।
विधायक छाया मोरे के मुताबिक, पिछले ढाई वर्षों में पंधाना विधानसभा के लिए 570 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा कई अन्य परियोजनाएं भी प्रगति पर हैं, जिनकी लागत इस आंकड़े में शामिल नहीं है।
रिपोर्ट कार्ड में बताया गया कि विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत 199 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 450 से ज्यादा विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। विधायक का कहना है कि इन योजनाओं का लाभ सीधे क्षेत्र की जनता को मिलेगा।
उन्होंने अपनी प्रमुख उपलब्धियों का भी जिक्र किया। किसानों के लिए 301 करोड़ रुपये की भाम मध्यम सिंचाई परियोजना स्वीकृत की गई है। क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए 46 नई सड़कों और एक आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण कराया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के तहत पंधाना में 50 बिस्तरों वाला आधुनिक सिविल अस्पताल और ग्रामीण इलाकों में नए स्वास्थ्य केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। वहीं स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने के लिए प्याज आधारित औद्योगिक क्लस्टर, छात्रावास, सामुदायिक भवन और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई योजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
विधायक छाया मोरे ने कहा कि आने वाले समय में उनकी प्राथमिकता सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करना, हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना और युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तैयार करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पंधाना विधानसभा की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।

