सेल्फी बनी मौत की वजह! वाटरफॉल में फिसला 21 वर्षीय युवक, डूबने से दर्दनाक मौत

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के मोहखेड़ थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कुकड़ीखापा वाटरफॉल से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे 21 वर्षीय युवक की झरने में डूबने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसा सेल्फी लेते समय पैर फिसलने के कारण हुआ। मृतक की पहचान चांद क्षेत्र के भाजीपानी गांव निवासी राहुल बरकड़े के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि राहुल अपने दोस्तों के साथ वीकेंड पर वाटरफॉल घूमने गया था। इसी दौरान वह झरने के किनारे खड़े होकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वे सफल नहीं हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही मोहखेड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने और दृश्यता कम होने के कारण रात में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका। अगले दिन सुबह पुलिस और गोताखोरों की टीम ने संयुक्त अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को पानी से बाहर निकाला।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में वाटरफॉल और नदी-नालों के आसपास बेहद सावधानी बरतें और जोखिम उठाकर सेल्फी लेने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *