कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रदर्शन करने वाले प्राथमिक शिक्षक वरुण नायक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। शिक्षक ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में शामिल होकर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली और कथित नकल व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। इसके बाद पहले उन्हें निलंबित किया गया और अब उनके खिलाफ दर्ज मामले में कार्रवाई की गई है।
प्राथमिक शिक्षक वरुण नायक, जो शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलहरी में पदस्थ हैं, ने प्रदर्शन के बाद जारी एक वीडियो में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि कई स्तरों पर भ्रष्टाचार और नकल की व्यवस्था चल रही है और ऐसे छात्र भी पास हो रहे हैं जिन्हें सामान्य अंग्रेजी शब्द तक लिखना नहीं आता।
इसके बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए 28 जुलाई को उनका निलंबन आदेश जारी किया। आरोप है कि 30 जुलाई को जब स्कूल में उन्हें निलंबन आदेश दिया गया तो उन्होंने उसे फाड़ दिया। स्कूल प्रबंधन की शिकायत के अनुसार, उन्होंने गाली-गलौज की, धमकी दी और स्कूल परिसर में हंगामा किया।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिक्षक ने पूर्व प्राचार्य के साथ मारपीट की। सूचना मिलने पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कथित तौर पर पुलिसकर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की और हाथापाई हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी के घायल होने की बात कही गई है।
वहीं, शिक्षक वरुण नायक का आरोप है कि शिक्षा नीतियों और कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से उनके खिलाफ द्वेषपूर्ण कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने प्राचार्य की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर शिक्षक को गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

