रिहायशी इलाकों में कमर्शियल एक्टिविटी के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन! सुप्रीम कोर्ट के आदेश लागू करने की मांग

भोपाल। राजधानी भोपाल में रिहायशी इलाकों में कथित रूप से चल रही अवैध कमर्शियल गतिविधियों के विरोध में स्थानीय रहवासी सड़कों पर उतर आए। गौतम नगर क्षेत्र में लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर पैदल मार्च निकाला और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सख्ती से पालन कराने की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के कारण ट्रैफिक जाम, प्रदूषण, पार्किंग और सुरक्षा जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन शिकायतों के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।

रहवासियों ने भोपाल नगर निगम की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि हाल ही में कुछ दुकानों को सील करने की कार्रवाई जरूर की गई, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। उनके मुताबिक, शहर के कई रिहायशी इलाकों में अब भी धड़ल्ले से कमर्शियल गतिविधियां जारी हैं।

इस बीच 4 अगस्त को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट पेश की जानी है। ऐसे में रहवासियों ने मांग की है कि अदालत के आदेशों का पूरी गंभीरता से पालन कराया जाए और रिहायशी क्षेत्रों से अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे अपने आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *