दतिया जीत के बाद कांग्रेस का बड़ा हमला! पटवारी बोले- बदलाव का शंखनाद, उमंग, कमलनाथ और दिग्विजय ने भी भाजपा को घेरा

दतिया विधानसभा उपचुनाव में जीत के बाद कांग्रेस नेताओं ने इसे सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश की राजनीति में बदलाव का संकेत बताया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अलग-अलग बयान जारी कर इस जीत का श्रेय जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, राहुल गांधी के नेतृत्व और सहयोगी दलों को दिया। साथ ही भाजपा पर अहंकार, सत्ता के दुरुपयोग और जनभावनाओं की अनदेखी के आरोप लगाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जनता ने बदलाव का शंखनाद कर दिया है। उनके अनुसार इस जनादेश ने साफ संदेश दिया है कि जनता अहंकार, भ्रष्टाचार, सत्ता के दुरुपयोग और द्वेष की राजनीति को स्वीकार नहीं करती। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी जिन मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं, दतिया की जनता ने उन पर अपनी मुहर लगा दी है और देश में उनके नेतृत्व को लगातार समर्थन मिल रहा है।

जीतू पटवारी ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पूरा सहयोग किया। साथ ही दिग्विजय सिंह, उमंग सिंघार, कमलेश्वर पटेल, सचिन यादव, जयवर्धन सिंह, सिद्धार्थ मिश्रा समेत सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत को जीत का बड़ा कारण बताया।

पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि दतिया उपचुनाव में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। कई मंत्री, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, शिवराज सिंह चौहान और अन्य बड़े नेता लगातार चुनाव प्रचार में जुटे रहे, लेकिन जनता ने कांग्रेस के पक्ष में फैसला देकर स्पष्ट संदेश दे दिया।

राजेंद्र भारती के निष्कासन पर बोलते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि नई कांग्रेस में अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जो पार्टी को नुकसान पहुंचाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई तय है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि दतिया की जनता ने भाजपा के अहंकार को हराया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत होती है और जब सत्ता जनसेवा से भटक जाती है, तो जनता चुनाव के माध्यम से जवाब देती है। उनके मुताबिक दतिया की जीत जनशक्ति की जीत और सत्ता के घमंड की हार है।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दतिया की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समाजवादी पार्टी का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत बदलाव की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि जनता ने सत्ता के दबाव के आगे झुकने से इनकार कर दिया है और अब प्रदेश में परिवर्तन की नई हवा चल रही है।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि दतिया की जनता ने कांग्रेस पर अपना भरोसा दोबारा जताया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की निष्ठा और संघर्ष की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता डटे रहे और इसी मेहनत का परिणाम यह जीत है। उन्होंने नवनिर्वाचित विधायक घनश्याम सिंह को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि वे जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *