बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। ठीकरी थाना क्षेत्र के बरुफाटक गांव में कथित प्रेम संबंध के आरोप में एक महिला और एक पुरुष के हाथ बांधकर उन्हें पूरे गांव में घुमाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक, महिला और युवक को कथित प्रेम प्रसंग के आरोप में महिला के पति, देवर और कुछ अन्य लोगों ने सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। दोनों के हाथ बांधकर गांव में घुमाया गया, जबकि मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित थाने ले गई।
पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। उसने आरोप लगाया कि उसका पति अक्सर शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है और लंबे समय से उसे प्रताड़ित कर रहा है।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और महिला के न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और पूरे मामले ने इलाके में चर्चा छेड़ दी है।

