सिंगरौली में थमी राजस्व व्यवस्था! सभी पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, तहसील कार्यालय में जमा किए बस्ते

सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से बड़ी खबर सामने आई है। जिले की सभी छह तहसीलों के पटवारियों ने आज से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के पहले ही दिन सभी पटवारियों ने अपने बस्ते और राजस्व अभिलेख तहसील कार्यालय में जमा करा दिए, जिससे राजस्व व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ने की आशंका है।

प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत शुरू हुई इस हड़ताल के कारण नामांतरण, सीमांकन, फसल गिरदावरी, आय-जाति और निवास प्रमाण पत्रों से जुड़े राजस्व कार्यों सहित कई जरूरी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में आम लोगों को भी आने वाले दिनों में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

सिंगरौली जिले की बैढ़न, चितरंगी, देवसर, सरई, माड़ा समेत सभी तहसीलों के पटवारियों ने मध्य प्रदेश पटवारी संघ के आह्वान पर कलमबंद हड़ताल का समर्थन किया। हड़ताल शुरू करने से पहले उन्होंने अपने-अपने बस्ते और सरकारी रिकॉर्ड संबंधित तहसील कार्यालयों में जमा कराए और तहसीलदारों को ज्ञापन भी सौंपा।

पटवारी संघ का कहना है कि उनकी लंबित मांगों पर सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसलिए मांगें पूरी होने तक यह अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार और पटवारी संघ के बीच बातचीत कब होती है और इस गतिरोध का समाधान कैसे निकलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *