8 दिन में बिक गए 497 क्विंटल लड्डू, बाबा महाकाल के भक्तों पर चढ़ा स्वाद का खुमार, मंदिर समिति को हुई 2.35 करोड़ की कमाई

उज्जैन। उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में श्रावण-भादव मास की शुरुआत के साथ श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। 30 जुलाई से 6 अगस्त तक महज 8 दिनों में 29 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए।

श्रद्धालुओं की इस रिकॉर्ड भीड़ का असर महाकाल मंदिर में मिलने वाले लड्डू प्रसाद की बिक्री पर भी साफ दिखाई दिया। इन 8 दिनों में मंदिर समिति ने करीब 497 क्विंटल लड्डू प्रसाद बेच दिया और इससे समिति को 2 करोड़ 35 लाख 26 हजार 650 रुपये से ज्यादा की आय हुई।

इन 8 दिनों में सबसे ज्यादा श्रद्धालु श्रावण माह के पहले सोमवार को बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे। इस दिन 6 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन किए। इसके अलावा रविवार को करीब 4 लाख 76 हजार और शनिवार को करीब 4 लाख 19 हजार श्रद्धालु बाबा महाकाल के दरबार में पहुंचे।

आंकड़ों के मुताबिक 30 जुलाई से 6 अगस्त तक कुल 29 लाख 28 हजार 349 श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन किए।

जैसे-जैसे श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी, वैसे-वैसे लड्डू प्रसाद की मांग भी बढ़ती गई। इन 8 दिनों के दौरान कुल 497.439 क्विंटल लड्डू प्रसाद की बिक्री हुई। इतनी बड़ी बिक्री से मंदिर प्रबंध समिति को 2 करोड़ 35 लाख 26 हजार 650 रुपये की आय हुई।

महाकाल मंदिर समिति की सहायक प्रशासक सिम्मी यादव के मुताबिक मंदिर परिसर में लड्डू प्रसाद की बिक्री के लिए 10 काउंटर बनाए गए हैं। सामान्य दिनों में रोजाना करीब 25 से 30 क्विंटल लड्डू प्रसाद बिकता है, लेकिन श्रावण मास में इसकी मांग बढ़कर करीब 70 क्विंटल प्रतिदिन तक पहुंच जाती है।

पिछले साल यानी 2025 के श्रावण मास में श्रद्धालुओं के लिए करीब 2800 क्विंटल लड्डू प्रसाद उपलब्ध कराया गया था। वहीं इस साल श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए 2026 में करीब 3500 क्विंटल लड्डू प्रसाद तैयार करवाया जा रहा है।

इसके लिए चिंतामण गणेश यूनिट में बड़े स्तर पर लड्डू तैयार किए जा रहे हैं, ताकि बाबा महाकाल के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद लेने में किसी तरह की परेशानी न हो।

यानी एक तरफ बाबा महाकाल के दरबार में दर्शन के लिए भक्तों की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ रही है, तो दूसरी तरफ महाकाल का प्रसिद्ध लड्डू प्रसाद भी जमकर बिक रहा है।

सिर्फ 8 दिनों में 29 लाख से ज्यादा श्रद्धालु, करीब 497 क्विंटल लड्डू की बिक्री और 2 करोड़ 35 लाख रुपये से ज्यादा की आय, ये आंकड़े बता रहे हैं कि श्रावण मास में बाबा महाकाल के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था किस कदर उमड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *