खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा से खाद्य सुरक्षा और लोगों की सेहत से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक होटल से पैक कराकर लाए गए नॉनवेज खाने में मरा हुआ चूहा मिलने का दावा किया गया है। परिवार का आरोप है कि खाना खाने के बाद उनके बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।
मामला खंडवा शहर के खानशाहवली वार्ड का बताया जा रहा है। यहां रहने वाले सलमान खान के मुताबिक, उन्होंने कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित एक होटल से नॉनवेज खाना पैक कराया था।
रात में परिवार के लोग घर पर खाना खा रहे थे। इसी दौरान उनके बेटे को खाने में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। जब उसने उसे खींचकर बाहर निकाला तो कथित तौर पर वह मरा हुआ चूहा निकला।
परिवार ने इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया, जिसमें खाने के अंदर कथित तौर पर मरा हुआ चूहा दिखाई दे रहा है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल होने का दावा किया जा रहा है।
सलमान के मुताबिक, उनके बेटे और बेटी ने खाना खाया था। इसके बाद बेटे की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे दो से तीन बार उल्टी हुई।
बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया।
घटना सामने आने के बाद परिवार ने होटल से मिले खाने और कथित तौर पर उसमें मिले चूहे का वीडियो रिकॉर्ड किया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
पीड़ित सलमान ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी दर्ज कराई है। उन्होंने होटल संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच और खाने के सैंपल की रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि खाने में वास्तव में क्या था और बच्चे की तबीयत बिगड़ने की वजह क्या रही।
लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सवाल जरूर खड़ा कर दिया है कि होटल और रेस्टोरेंट में ग्राहकों को परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता और साफ-सफाई की निगरानी आखिर कितनी सख्ती से हो रही है।
अगर किसी खाने में ऐसी गंभीर लापरवाही सामने आती है, तो मामला सिर्फ एक परिवार की परेशानी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि सीधे लोगों की सेहत और खाद्य सुरक्षा से जुड़ जाता है।

