उज्जैन। उज्जैन में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले सात दिनों में कुत्तों के हमले के तीन मामले सामने आए हैं, जिनमें तीन लोग घायल हुए हैं। मंगलवार को हाटकेश्वर कॉलोनी में ही दो अलग-अलग घटनाओं ने रहवासियों में दहशत पैदा कर दी।
मांगीलाल खत्री अपने पोता-पोती को स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे, तभी एक आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उन्हें जमीन पर गिराकर बुरी तरह नोच डाला। शरीर पर कई जगह चोट आने के बाद उन्हें पांच टांके लगाए गए।
वहीं, बबलू के घर में अचानक कुत्ता घुस गया। उसे बाहर निकालने की कोशिश करने पर कुत्ते ने उनके हाथ का अंगूठा बुरी तरह चबा लिया। गंभीर हालत में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इससे पहले देसाई नगर में भी आवारा कुत्तों के झुंड ने एक बुजुर्ग पर हमला कर घायल कर दिया था।
डॉक्टर ने दी सावधानी की सलाह
जिला अस्पताल के डॉक्टर जितेंद्र शर्मा ने कहा कि आवारा जानवर के काटने या नोचने की घटना को हल्के में नहीं लेना चाहिए। घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचकर उपचार कराना चाहिए। जरूरत के अनुसार रेबीज और टिटनेस के टीके लगवाना जरूरी है।
रहवासियों का आरोप है कि इलाके में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूम रहे हैं और नगर निगम में शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई नहीं हुई तो वे चक्काजाम कर आंदोलन करेंगे। अब निगाह नगर निगम की कार्रवाई पर है।

