गुना। मध्यप्रदेश के गुना में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम उस वक्त सियासी अखाड़े में बदल गया, जब झंडावंदन के बाद मंच से राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई। भाजपा नेता के भाषण पर कांग्रेस नेता ने विरोध जताया और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कार्यक्रम को बीच में ही खत्म करना पड़ा।
भाषण के बाद आमने-सामने आए भाजपा-कांग्रेस नेता
पूरा मामला कुंभराज तहसील स्थित सीएम राइज स्कूल का बताया जा रहा है। यहां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडावंदन के बाद मंच पर भाजपा नेता राजबहादुर सिंह चौहान और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राधेश्याम मीणा आमने-सामने आ गए।
बताया जा रहा है कि भाजपा नेता राजबहादुर सिंह चौहान ने अपने भाषण के दौरान महात्मा गांधी और कांग्रेस को लेकर टिप्पणी की और देश के विभाजन का मुद्दा उठाया। इस पर कांग्रेस नेता राधेश्याम मीणा ने मंच से ही विरोध जताना शुरू कर दिया।
विरोध के बाद मंच पर शुरू हुई धक्का-मुक्की
देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक भी मंच पर पहुंच गए और वहां बहस के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में नेताओं के बीच इस तरह का विवाद देखकर वहां मौजूद छात्र और ग्रामीण भी हैरान रह गए।
हालात बिगड़ते देख कार्यक्रम के आयोजकों ने आनन-फानन में समारोह समाप्त करने की घोषणा कर दी। स्थिति ऐसी बनी कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की कुछ औपचारिकताएं भी पूरी नहीं हो सकीं।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, उठ रहे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि जिस मंच से बच्चों और युवाओं को देशभक्ति, अनुशासन और सद्भाव का संदेश दिया जाना चाहिए था, वही मंच राजनीतिक विवाद और धक्का-मुक्की का अखाड़ा कैसे बन गया?
सवाल यह भी है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हो सकते हैं, लेकिन क्या स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के मंच पर नेताओं को अपनी मर्यादा और गरिमा का ध्यान नहीं रखना चाहिए?

