उज्जैन। देश के प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास आज उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने तड़के भगवान महाकालेश्वर की भस्म आरती में शामिल होकर बाबा महाकाल के दर्शन किए। भस्म आरती के दौरान कुमार विश्वास करीब दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठे रहे और बाबा महाकाल की दिव्य आरती के दर्शन किए। इस दौरान वे पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आए।
भस्म आरती के बाद मंदिर समिति ने किया स्वागत
भस्म आरती के दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से कुमार विश्वास का स्वागत और सत्कार किया गया। मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की कृपा है कि श्रावण मास में किसी न किसी बहाने उनकी हाजिरी लग जाती है।
उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दर्शन से उन्हें बेहद शांति मिली है और पवित्र श्रावण मास में बाबा के दर्शन होना उनके लिए संचित पुण्य कर्मों का प्रतिफल है।
स्वतंत्रता दिवस पर बोले कुमार विश्वास
कुमार विश्वास ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत की स्वतंत्रता का 80वां चरण पूरा हुआ है और भारत माता अपने पुनर्वैभव की ओर बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के चरणों में उन्होंने देश के प्रति कृतज्ञता, धन्यवाद और प्रार्थना अर्पित की है। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जिन लोगों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया, उनके प्रति कृतज्ञता का भाव रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
युवाओं को लेकर भी कही बड़ी बात
कुमार विश्वास ने भारत के युवाओं को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि युवा भारत का भविष्य हैं और भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। उनके मुताबिक आज का युवा अपनी चेतना और सांस्कृतिक पहचान को लेकर पहले से ज्यादा जागरूक हो रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं में भारतीय दर्शन और संस्कृति के प्रति बोध बढ़ रहा है। यही वजह है कि देश के युवा अब अलग-अलग पर्वों और उत्सवों के दौरान भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों की ओर बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
बाबा महाकाल की भस्म आरती में कुमार विश्वास की यह आध्यात्मिक मौजूदगी और युवाओं को लेकर उनका संदेश उज्जैन में चर्चा का विषय बना रहा।

