स्कूली शिक्षा पर कांग्रेस का प्रदेशव्यापी अभियान, जीतू पटवारी बोले- सरकार जारी करे श्वेत पत्र

भोपाल। मध्य प्रदेश में स्कूली शिक्षा की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने अब प्रदेशव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान किया है। भोपाल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।

हर स्कूल में पहुंचकर हकीकत देखेगी कांग्रेस

जीतू पटवारी ने कहा कि शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय को राजनीति से ऊपर रखकर देखा जाना चाहिए। उन्होंने ऐलान किया कि कांग्रेस प्रदेश के हर स्कूल तक पहुंचेगी और वहां की जमीनी स्थिति का जायजा लेगी।

इस अभियान की शुरुआत पंचायत स्तर से की जाएगी। पंचायत कमेटियों के अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों के सरकारी स्कूलों में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके बाद स्कूलों की स्थिति से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया के जरिए सामने लाए जाएंगे।

पटवारी ने कहा कि कांग्रेस शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार का सहयोग करने को तैयार है, लेकिन अगर शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया जाता तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा को लेकर सवाल उठाने वालों की आवाज दबाने की कोशिश की जाती है।

वंदे मातरम पर भी भाजपा पर बरसे पटवारी

वहीं वंदे मातरम को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद पर भी जीतू पटवारी ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश और संविधान के प्रति कांग्रेस की अपनी प्रतिबद्धता है और पार्टी को राष्ट्रभक्ति का पाठ भाजपा या आरएसएस से सीखने की जरूरत नहीं है।

पटवारी ने भाजपा और संघ पर तीखा हमला बोलते हुए आजादी की लड़ाई में उनके योगदान पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि भाजपा और संघ ने राष्ट्र के साथ धोखा किया है।

अब कांग्रेस के इस प्रदेशव्यापी अभियान के बाद मध्य प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था एक बार फिर सियासी बहस के केंद्र में आ गई है। आने वाले दिनों में कांग्रेस स्कूलों की जमीनी स्थिति को लेकर सरकार के सामने क्या-क्या सवाल उठाती है, इस पर सभी की नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *