रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई इलाकों में जलभराव के हालात बने हुए हैं और सड़कों पर तेज बहाव के साथ पानी बह रहा है।
गुलाब नगर की गली नंबर-2 में भी बारिश के बाद सड़क पर पानी का तेज बहाव देखने को मिला। इसी दौरान एक महिला पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगी। महिला कुछ दूर तक पानी में बहती चली गई, लेकिन गनीमत रही कि समय रहते उसने खुद को संभाल लिया और बड़ा हादसा टल गया।
इस पूरी घटना का वीडियो किसी ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके की जल निकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान यहां जलभराव की समस्या लगातार सामने आती है। ऐसे में प्रशासन को समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए, ताकि दोबारा किसी की जान पर खतरा न आए।
अब लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गुलाब नगर समेत जलभराव वाले इलाकों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था बेहतर की जाए और इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

