भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में शिक्षक भर्ती 2025 के चयनित अभ्यर्थियों का आंदोलन अब और तेज होता जा रहा है। नीलम पार्क में पदवृद्धि की मांग को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थी लगातार तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन आंदोलन पर डटे हुए हैं।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भोपाल पहुंचे चयनित अभ्यर्थियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
आंदोलन को और उग्र करते हुए चयनित अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनकी भूख हड़ताल का आज दूसरा दिन है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को लेकर कोई ठोस फैसला नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
दरअसल, चयनित अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती 2025 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा पदों की संख्या प्रदेश की जरूरत और उपलब्ध अभ्यर्थियों की तुलना में पर्याप्त नहीं है।
अभ्यर्थियों की मांग है कि वर्ग 2 में कम से कम 25 हजार पदों की वृद्धि की जाए, जबकि वर्ग 3 में 3 हजार अतिरिक्त पद बढ़ाए जाएं। यानी कुल 28 हजार पदों की वृद्धि की मांग को लेकर अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया और पदों को लेकर सरकार के सामने अपनी बात रखते आए हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है।
इसी वजह से प्रदेशभर से चयनित अभ्यर्थी भोपाल पहुंचकर नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों ने साफ कर दिया है कि जब तक शासन और प्रशासन की ओर से पदवृद्धि को लेकर ठोस आश्वासन या निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अब देखना होगा कि लगातार तीसरे दिन जारी इस आंदोलन और भूख हड़ताल के बीच सरकार चयनित अभ्यर्थियों की मांग पर क्या फैसला लेती है और क्या शिक्षक भर्ती में 28 हजार अतिरिक्त पद बढ़ाने की मांग पर कोई रास्ता निकलता है।

