खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में बीजेपी को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब पंधाना विधानसभा क्षेत्र के बरूड़ मंडल से करीब 25 भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया।
कांग्रेस में शामिल होने वाले इन कार्यकर्ताओं का जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने कांग्रेस का गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने सभी को बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार में शामिल होने वाले हर कार्यकर्ता का सम्मान किया जाएगा।
इन कार्यकर्ताओं में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष रोहित घाटे का नाम भी बताया जा रहा है। उनके साथ बरूड़ मंडल के करीब 25 भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कार्यकर्ताओं के कांग्रेस में शामिल होने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम पाल सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लोगों में लगातार असंतोष बढ़ रहा है और अब इसका असर भाजपा के संगठन पर भी दिखाई देने लगा है।
उत्तम पाल सिंह ने दावा किया कि भाजपा की नीतियों से नाराज होकर बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बरूड़ मंडल में आज 25 साथियों ने भारतीय जनता पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली है और कांग्रेस परिवार में सभी का स्वागत और अभिनंदन किया गया है।
वहीं, भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए कार्यकर्ताओं ने पार्टी की विचारधारा के साथ काम करने की बात कही।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर भाजपा की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में अब सवाल यही है कि क्या कार्यकर्ताओं का यह दल-बदल खंडवा में भाजपा के संगठन के लिए बड़ा झटका है या फिर यह स्थानीय स्तर की राजनीतिक गतिविधि तक ही सीमित रहेगा।

