कंपाउंडर से बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तक का सफर, लाल सिंह आर्य बोले- कभी पार्षद बनने का सपना भी नहीं देखा था

ग्वालियर। कभी कंपाउंडर की नौकरी करने वाले लाल सिंह आर्य आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बन चुके हैं। ग्वालियर पहुंचे लाल सिंह आर्य ने अपनी राजनीतिक यात्रा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कभी वार्ड का पार्षद बनने तक का सपना नहीं देखा था, लेकिन बीजेपी नेतृत्व ने उन्हें इतना बड़ा दायित्व देकर जो भरोसा जताया है, उसे वह पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश करेंगे।

मीडिया से बातचीत में लाल सिंह आर्य ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग को राजमाता विजयाराजे सिंधिया के बाद पार्टी नेतृत्व ने इतना बड़ा दायित्व दिया है, जिसके लिए वह दिल से आभारी हैं।

लाल सिंह आर्य ने अपने संघर्ष और पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि वह कंपाउंडर थे, उनके पिता कारीगरी करते थे और उनके बाबा जूते बनाने का काम करते थे। उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि वह राजनीति में इतनी ऊंचाई तक पहुंचेंगे। लेकिन बीजेपी के नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया और आज उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।

उन्होंने कहा कि संगठन का विस्तार करना, संगठन के जरिए सत्ता तक पहुंचना और सत्ता में आने के बाद जनता की सेवा और कल्याण करना बीजेपी का लक्ष्य है। उन्होंने इसे डॉ. भीमराव आंबेडकर के सपने से भी जोड़ते हुए कहा कि पार्टी इसी दिशा में काम कर रही है।

आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर लाल सिंह आर्य ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गोवा, गुजरात और उत्तराखंड समेत जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, वहां बीजेपी की सरकार फिर बनेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने अपनी स्थिति मजबूत की है, उसी तरह पंजाब में भी आने वाले समय में कमल खिलेगा।

युवाओं के लगातार विरोध और उनकी नाराजगी को लेकर भी लाल सिंह आर्य ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं के आदर्श चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव जैसे क्रांतिकारी हैं और राष्ट्रभक्त युवा राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ खड़ा है।

वहीं राहुल गांधी के मनुस्मृति को लेकर दिए बयान पर लाल सिंह आर्य ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को षड्यंत्रों का पिटारा बताते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस विकास और राष्ट्र को मजबूत बनाने में विश्वास नहीं करती, बल्कि लोगों को भड़काकर सत्ता हासिल करना उसका लक्ष्य है।

लाल सिंह आर्य ने कहा कि बीजेपी का सिर्फ एक लक्ष्य है, राष्ट्र प्रथम और राष्ट्र में रहने वाले आम लोगों के जीवन में सुधार और उनका कल्याण। अब कंपाउंडर से शुरू हुआ लाल सिंह आर्य का यह सफर बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तक पहुंच चुका है और उनके सामने संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *