चित्रकूट/सतना। सतना जिले के चित्रकूट और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात बेहद चिंताजनक बना दिए हैं। मंदाकिनी नदी उफान पर है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। रामघाट से लेकर गांवों तक पानी ने ऐसा कहर बरपाया कि कहीं सड़कें जलमग्न हैं, कहीं घरों में पानी घुस गया है और कहीं पुलिस थाना परिसर ही तालाब में तब्दील हो गया।
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद रामघाट, भारत घाट, आरोग्यधाम, गुप्त गोदावरी और सती अनुसूइया जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पानी की चपेट में आ गए हैं। रामघाट क्षेत्र की करीब 400 दुकानें जलमग्न होने की बात सामने आई है। हालात इतने बिगड़ गए कि निचले इलाकों की सड़कों पर वाहनों की जगह नावें चलती नजर आईं।
रामघाट के बड़े पुल को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। तेज बहाव के चलते पुल की रेलिंग टूटने की जानकारी सामने आई है और पुल के डूबने का खतरा बना हुआ है। वहीं नयागांव राजमहल के अंदर तक पानी पहुंचने की खबर है।
बाढ़ का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। मझगवां के पास रेलवे ट्रैक पर पानी आने के कारण आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस को बीच रास्ते रोकना पड़ा। दूसरी तरफ घरों और होटलों में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए SDRF की टीमें नावों के जरिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।
इसी बीच जैतवारा तहसील के झरी गांव से भी राहत और बचाव की तस्वीर सामने आई है। उफनते पानी के बीच फंसे ग्रामीणों को SDRF की टीम ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान बिरसिंहपुर तहसीलदार डॉ. शैलेंद्र बिहारी शर्मा और जैतवारा तहसीलदार ज्योति पटेल समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
उधर कोठी थाना क्षेत्र के पुरवा गांव के पास सेमरावल नदी भी विकराल रूप में दिखाई दे रही है। तेज बहाव के कारण कई रास्तों और पुल-पुलियों पर पानी आने की स्थिति बन गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है और लोगों को उफनते नदी-नालों के पास नहीं जाने की हिदायत दी गई है।
इटमा गांव में भी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। करीब 50 घरों में पानी घुसने से ग्रामीणों को अपना सामान बचाकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से राहत, राशन और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है।
वहीं नागौद थाना परिसर से सामने आई तस्वीरों ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बारिश के बाद पूरा थाना परिसर पानी से भर गया और पुलिसकर्मियों तथा फरियादियों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई इलाकों में घरों और सड़कों तक पानी पहुंचने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि नदी, नाले, घाट और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें। बारिश का दौर जारी रहने के कारण आने वाले घंटों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

