पैरों में पहिए, दिल में महादेव! स्केटिंग करते हुए 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की यात्रा पर निकला झारखंड का युवा

नरसिंहपुर। पैरों में पहिए हैं और दिल में महादेव की भक्ति… सामने हजारों किलोमीटर का रास्ता है, लेकिन जुनून ऐसा कि रुकने का नाम नहीं!

झारखंड का युवा अजय विश्वकर्मा स्केटिंग के जरिए देश की कठिन यात्रा पर निकले हैं। उनका संकल्प है कि वह स्केटिंग करते हुए देश के 12 ज्योतिर्लिंग और चारों धाम की यात्रा पूरी करेंगे।

अजय की इस अनोखी यात्रा का मकसद सिर्फ धार्मिक स्थलों तक पहुंचना नहीं है, बल्कि युवाओं को सनातन संस्कृति से जोड़ना, नशे से दूर रहने का संदेश देना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है।

लगातार स्केटिंग करते हुए अजय अब मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। अजय के मुताबिक उनकी इस यात्रा को एक साल और दस दिन पूरे हो चुके हैं और अभी तक वह 17 राज्यों की सीमाएं पार कर चुके हैं।

लेकिन सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। अजय का कहना है कि जब तक 12 ज्योतिर्लिंग और चारों धाम की यात्रा स्केटिंग के जरिए पूरी नहीं हो जाती, तब तक उनके पहियों का यह सफर इसी तरह जारी रहेगा।

सोचिए, एक तरफ लंबी सड़कें, बदलता मौसम और हजारों किलोमीटर का सफर… और दूसरी तरफ पैरों में स्केटिंग के पहिए और मन में भगवान शिव के प्रति अटूट आस्था।

अजय विश्वकर्मा अपनी इस यात्रा के जरिए युवाओं से एक सीधा संदेश दे रहे हैं कि जिंदगी में जुनून और संकल्प हो तो मुश्किल रास्ते भी मंजिल तक पहुंचा सकते हैं।

सनातन के प्रति आस्था, शरीर को स्वस्थ रखने का संकल्प और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश… अजय की यह यात्रा सिर्फ सफर नहीं, बल्कि एक विचार और प्रेरणा बनती जा रही है।

अब देखना होगा कि पैरों में पहिए और दिल में महादेव की भक्ति लेकर निकला यह युवा अपनी 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की यात्रा कब पूरी करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *