ग्वालियर में जन्मदिन की पार्टी में हवाई फायरिंग, वीडियो वायरल होते ही बर्थडे बॉय और ताऊ गिरफ्तार

ग्वालियर। ग्वालियर में जन्मदिन की खुशी में बंदूक लहराना और हवाई फायरिंग करना एक युवक और उसके ताऊ को भारी पड़ गया। जन्मदिन की पार्टी में हुई हवाई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पुलिस हरकत में आई और बर्थडे बॉय समेत उसके ताऊ को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला मोहना थाना क्षेत्र के दौरार गांव का है, जहां रोहित जाटव के जन्मदिन पर घर में पार्टी रखी गई थी। इसी पार्टी में रोहित के ताऊ हरचरण जाटव भी अपनी लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक लेकर पहुंचे थे।

ताऊ के हाथ में बंदूक देखकर रोहित भी जोश में आ गया। उसने बंदूक अपने हाथ में ली और घर की छत पर पहुंच गया। इसके बाद जो हुआ, उसका किसी ने वीडियो बना लिया। वीडियो में रोहित के हवाई फायरिंग करने की बात सामने आई और देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जैसे ही यह वीडियो पुलिस तक पहुंचा, मोहना थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बर्थडे बॉय रोहित जाटव और उसके ताऊ हरचरण जाटव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने हवाई फायरिंग में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक भी जब्त कर ली है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस अब बंदूक का लाइसेंस निरस्त कराने की कार्रवाई में जुटी है।

यानी जन्मदिन की पार्टी में महज कुछ सेकंड की कथित हर्ष फायरिंग अब कानूनी कार्रवाई में बदल गई। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि लाइसेंसी हथियार होना इसका मतलब यह नहीं कि उसका सार्वजनिक प्रदर्शन या हवाई फायरिंग की जा सकती है।

खुशी का मौका हो या कोई जश्न, हथियार से निकली एक गोली किसी की जिंदगी तबाह कर सकती है। इसलिए जन्मदिन की खुशी में की गई यह फायरिंग अब बर्थडे सेलिब्रेशन नहीं, बल्कि गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की वजह बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *