कुत्ते को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में दिखाने वाली पोस्ट से बवाल! विरोध बढ़ा तो पूर्व नपा अध्यक्ष ने मांगी माफी

डबरा(ग्वालियर)। डबरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बहुजन समाज पार्टी की नेता और पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सत्यप्रकाशी पारसेडिया की फेसबुक आईडी से एक तस्वीर शेयर की गई, जिसमें एक कुत्ते को भगवान श्रीकृष्ण के रूप में दर्शाया गया था। पोस्ट सामने आते ही हिंदू संगठनों और सर्व समाज के युवाओं में नाराजगी फैल गई।

सोशल मीडिया पर युवाओं ने इस पोस्ट का विरोध करते हुए इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बताया। देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा और लोगों ने पोस्ट को लेकर कड़ी आपत्ति जताई।

मामला बढ़ता देख पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष की फेसबुक आईडी से वह विवादित पोस्ट डिलीट कर दी गई। इसके बाद एक नई पोस्ट के जरिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी गई और पूरे मामले पर सफाई दी गई।

सत्यप्रकाशी पारसेडिया की ओर से दी गई सफाई में दावा किया गया कि उस समय मोबाइल किसी बच्चे के हाथ में था और बच्चे ने किसी सोशल मीडिया ट्रेंड को फॉलो करते हुए गलती से यह तस्वीर शेयर कर दी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी भी धर्म या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।

अपनी सफाई के साथ उन्होंने घर में बने मंदिर की तस्वीर भी शेयर की और ईश्वर में अपनी आस्था का हवाला दिया। उन्होंने लोगों से इस गलती के लिए माफी मांगते हुए विवाद को खत्म करने की अपील की।

वहीं, इस पूरे घटनाक्रम ने राजनीतिक चर्चा भी तेज कर दी है। सत्यप्रकाशी पारसेडिया करीब 12 वर्षों तक डबरा नगर पालिका की अध्यक्ष रह चुकी हैं और आगामी चुनाव में भी अध्यक्ष पद की दौड़ में उनका नाम बताया जा रहा है।

ऐसे में चुनावी माहौल से पहले जन्माष्टमी के मौके पर सामने आया यह विवाद उनकी राजनीतिक छवि के लिए कितना नुकसानदायक साबित होगा, यह आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल विवादित पोस्ट हटाई जा चुकी है और पूर्व नपा अध्यक्ष की ओर से सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *