ग्वालियर। ग्वालियर में UGC रोलबैक समेत कई मांगों को लेकर सवर्ण समाज ने बड़े आंदोलन का ऐलान किया है। 10 सितंबर को रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के सामने हजारों लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है। हालांकि प्रदर्शन के स्थान को लेकर प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच सहमति नहीं बन पाई है और फिलहाल प्रदर्शन की अनुमति भी नहीं मिली है।
देश के कई राज्यों में UGC रोलबैक की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच अब ग्वालियर में भी प्रदर्शन की तैयारी तेज हो गई है। ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, कायस्थ समेत अन्य सवर्ण समाज के संगठनों ने 10 सितंबर को बड़े प्रदर्शन का ऐलान किया है।
प्रदर्शन को लेकर SP कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम में प्रशासन और समाज के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बैठक में सबसे बड़ा विवाद प्रदर्शन स्थल को लेकर सामने आया। प्रशासन रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल के सामने प्रदर्शन की अनुमति देने के पक्ष में नहीं है, जबकि सवर्ण समाज के प्रतिनिधि इसी स्थान पर आंदोलन करने पर अड़े हुए हैं।
समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि हजारों लोग एकजुट होकर UGC रोलबैक की मांग उठाएंगे। इसके साथ ही मौजूदा आरक्षण व्यवस्था में संशोधन और आर्थिक स्थिति तथा गरीबी को आधार बनाए जाने समेत कई अन्य मांगें भी सरकार के सामने रखी जाएंगी।
सवर्ण समाज का दावा है कि ग्वालियर से शुरू होने वाला यह आंदोलन सरकार तक अपनी मांगों को लेकर मजबूत संदेश पहुंचाएगा। वहीं अगर मांगों पर सुनवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और बड़ा करने की चेतावनी भी दी जा रही है।
अब देखना होगा कि 10 सितंबर को ग्वालियर में सवर्ण समाज का यह आंदोलन किस रूप में सामने आता है और प्रदर्शन स्थल को लेकर प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच आखिर क्या सहमति बनती है।

